Agra Live News:
रुनकता क्षेत्र के नगला सपेरा गांव में बकरी चराने गए चार बच्चे यमुना नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों और तैराक युवकों की तत्परता से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चे गहरे पानी में डूबे हुए हैं। पुलिस गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश कर रही है।
चारों बच्चे – 10 वर्षीय सुरजीत पुत्र शिशुपाल, 10 वर्षीय अरुण पुत्र प्रेम सिंह, 9 वर्षीय सोनू पुत्र पप्पू और 9 वर्षीय वर्षा पुत्री राकेश – रविवार को यमुना नदी के किनारे बकरियां चराने गए थे। बताया गया कि बच्चे नदी में नहाने लगे और गहराई में चले जाने से वे डूबने लगे।
तैराक युवकों ने मौके पर तुरंत नदी में छलांग लगाकर सोनू और वर्षा को बाहर निकाला। वहीं सुरजीत और अरुण गहरे पानी में चले गए, जिन्हें खोजने के लिए पुलिस ने मोटरबोट और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
घटना की सूचना मिलने पर यमुना नदी के किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस का कहना है कि बचाव कार्य जारी है और जल्द ही दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाले जाने की पूरी कोशिश की जा रही है।