धर्मांतरण गिरोह का भंडाफोड़: आगरा पुलिस ने कोर्ट में पेश किए 10 आरोपी, चार को दोबारा रिमांड पर लिया
आगरा लाइव न्यूज़ | 
आगरा: सगी बहनों के जबरन धर्मांतरण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा पुलिस ने मंगलवार को धर्मांतरण गिरोह से जुड़े 10 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने इनमें से चार आरोपियों को दोबारा रिमांड पर लिया है, जिससे अब इस गिरोह से जुड़ी और भी अहम जानकारियों के सामने आने की उम्मीद है।
कोलकाता से बहनों को कराया गया था मुक्त
इस हाई-प्रोफाइल केस में पुलिस ने कोलकाता से दो बहनों को मुक्त कराया था, जिन्हें कथित रूप से जबरन धर्मांतरण के मकसद से अगवा किया गया था। पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि यह अंतरराज्यीय गिरोह है, जो अलग-अलग राज्यों में धर्मांतरण की साजिशों को अंजाम देता था।
अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न राज्यों से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 10 की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने चार आरोपियों को पुनः पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि बाकी छह को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस को गिरोह की जड़ तक पहुंचने की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड पर लिए गए आरोपियों से धर्मांतरण नेटवर्क, फंडिंग सोर्स, और अन्य पीड़ितों की जानकारी मिलने की संभावना है। इस केस को लेकर राज्य और केंद्र स्तर पर खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
















































