आगरा, एत्मादपुर: बुधवार रात यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में महिला सहित दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 162.6 पर रात करीब 9:45 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक व घायल सभी लोग मथुरा के गांव जरौठी में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। वे सभी तोरा गांव (ताजगंज) के रहने वाले हैं। लौटते समय उनका ऑटो खंदौली इंटरचेंज से होकर यमुना एक्सप्रेसवे पर आ गया था।
बताया गया कि रास्ते में ऑटो की बैटरी डाउन हो गई, जिस कारण चालक ने ऑटो को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से तेज़ रफ्तार में आया एक अज्ञात भारी वाहन ऑटो से जोरदार टक्कर मारकर निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान और घायलों का इलाज
हादसे में कमलेश देवी (पत्नी कन्हैया) सहित एक अन्य की मौके पर मौत हो गई। घायल व्यक्तियों में कन्हैया, उसका चचेरा भाई राजू, रिश्तेदार केशव व उसकी पत्नी राधा शामिल हैं। सभी को ट्रांस यमुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आईटीसी मुगल होटल के पास जलभराव से मची तबाही: स्थानीय लोग परेशान, प्रशासन चुप – Agra Live News
तेरहवीं से लौट रहे थे सभी
तोरा गांव निवासी बबलू ने जानकारी दी कि उसके साले के ससुर का देहांत हो गया था और तेरहवीं कार्यक्रम बुधवार को था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के आठ सदस्य सुबह मथुरा गए थे और रात को ऑटो से लौट रहे थे। चालक ऑटो को कुबेरपुर इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड की ओर ले जा रहा था।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मातम
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।