BJP विधायक के चाचा से मारपीट, सेनेटरी इंस्पेक्टर समेत 22 पर केस दर्ज, नगर निगम में हंगामा
Agra Live News। खेरिया मोड़ (जगनेर रोड) पर स्थित मिष्ठान भंडार पर हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। BJP विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के चाचा जगदीश कुशवाहा के साथ मारपीट मामले में शाहगंज पुलिस ने नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम, प्रताप और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
Agra News: खेल-खेल में हुआ झगड़ा, एक की गई जान; परिजन बोले– ये हत्या है! – Agra Live News
क्या है पूरा मामला?
जगदीश कुशवाहा की खेरिया मोड़ पर ‘नत्थी मिष्ठान भंडार’ नाम से दुकान है। बुधवार को सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम वहां पहुंचे। आरोप है कि दुकान में प्लास्टिक के गिलास मिलने पर उन्होंने ₹1000 का चालान काटा, लेकिन कथित तौर पर ₹3000 वसूले। इसके बाद विवाद बढ़ गया।
जगदीश कुशवाहा का आरोप है कि इंस्पेक्टर और अन्य लोगों ने न केवल दुकान का शटर व काउंटर बुलडोजर से तोड़ा, बल्कि उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा। इस दौरान उनकी पत्नी और भाई से भी अभद्रता की गई।
दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर
घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस चौकी में तहरीर दी। नगर निगम के कर्मचारियों ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं। शाहगंज पुलिस ने बीजेपी विधायक के परिजन की ओर से मिली शिकायत पर सेनेटरी इंस्पेक्टर सहित 22 लोगों पर मारपीट, धमकी और जबरन वसूली जैसे आरोपों में केस दर्ज किया है।
नगर निगम में उबाल
पुलिस कार्रवाई से नाराज नगर निगम के कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह हड़ताल कर दी। सफाई व्यवस्था ठप रही और निगम कार्यालय में तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है।